डबल डेकर फ्लाइओवर के कारण Patna Metro का एलाइनमेंट बदला, जानें – अब कहां से गुजरेगी लाइन..

डेस्क : अशोक राजपथ पर निर्माण होने वाले डबल डेकर फ्लाईओवर (Double Decker Fly Over) के कारण पटना मेट्रो (Patna Metro) के अलाइनमेंट में थोड़ा बदलाव किया गया है। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से NIT मोड़ तक पटना मेट्रो का अलाइनमेंट मुख्य सड़क के ठीक नीचे न होकर सड़क की उत्तरी दिशा की तरफ होगा। यानी अशोक राजपथ पर सड़क के उत्तरी ओर बने BN कालेज, अंजुमन इस्लामिया हाल, PMCH, खुदाबख्श लाइब्रेरी, पटना विश्वविद्यालय आदि के नीचे से मेट्रो लाइन अब गुजरेगी।

कारगिल चौक से NIT मोड़ तक के लिए हुआ बदलाव : पटना मेट्रो का निर्माण कर रही एजेंसी दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (DMRC) के अनुसार, कारगिल चौक से NIT मोड़ तक बनने वाले डबल फ्लाईओवर के लिए खोदी जाने वाली मिट्टी से पुराने अलाइनमेंट पर मेट्रो का काम भी प्रभावित होने की आशंका थी। इसी कारण अलाइनमेंट में आंशिक बदलाव करते हुए इसे उत्तर की ओर कर दिया गया है, ताकि दोनों ही महत्वपूर्ण निर्माण कार्य एक-दूसरे के लिए बाधा न बने। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से NIT मोड़ तक डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी जारी है। इसका निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम करा रहा है। पिछले साल सितंबर में मुख्यमंत्री ने डबल डेकर फ्लाईओवर निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया था।

अशोक राजपथ पर होंगे 3 भूमिगत स्टेशन : अशोक राजपथ पटना मेट्रो के कोरिडोर-2का हिस्सा है। यह कोरिडोर पटना जंक्शन से बाईपास के पास बने नये पाटलिपुत्र बस स्टैंड तक जाएगा। इसमें अशोक राजपथ पर पटना मेट्रो के 3 भूमिगत स्टेशन होंगे। इनका नाम गांधी मैदान, PMCH और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन होगा। इसके लिए मिट्टी जांच और ट्रैफिक सर्वे का कार्य काफी पहले पूरा हो चुका है। पटना मेट्रो के निर्माण कार्य के बीच आने वाली वृक्षों और बिजली के तार को हटाने का कार्य भी किया जा रहा है। ट्रैफिक डायवर्जन का कार्य करने के बाद जल्द ही तेजी से काम शुरू होगा। PMCH में बनने वाले मेट्रो स्टेशन को अस्पताल से जोड़ने के लिए प्रवेश व निकास द्वार के दोनों ओर तीस मीटर का छोटा सब-वे बनाने का प्रस्ताव। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन में 2 लिफ्ट और 3 एस्केलेटर होंगे।

Leave a Comment