PM Modi आएंगे बिहार! बरौनी फर्टिलाइजर प्लांट का करेंगे उद्घाटन..जानें – कब होगा कार्यक्रम..
डेस्क : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने बिहार के दौरे पर आ सकते हैं। अक्टूबर माह में वे बेगूसराय जिले में स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के फर्टिलाइजर प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खुबा ने शुक्रवार को राजधानी पटना में इसकी घोषणा की। 2019 में प्रधानमंत्री मोदी ने ही बरौनी फर्टिलाइजर प्लांट की आधारशिला रखी थी। इस प्लांट के शुरू होने से बिहार के किसानों को काफी किफायती दर पर यूरिया उपलब्ध हो सकेगा।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खुबा शुक्रवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने पटना में मीडिया से बातचीत में कहा कि अगले महीने से बरौनी फर्टिलाइजर प्लांट में यूरिया का उत्पादन भी शुरू कर दिया जाएगा। इसकी पूरी संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्लांट का उद्घाटन करेंगे। हालांकि अभी तक PMO की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। आपको बता दें कि बरौनी फर्टिलाइजर प्लांट का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2019 में रखी थी। उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बेगूसराय में एक रैली को संबोधित किया था, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे।
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खुबा ने कहा कि देश में कहीं भी यूरिया की किल्लत नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचाई जा रही है। बिहार में राज्य सरकार की वजह से अगस्त माह में यूरिया की कालाबाजारी हुई थी। बार-बार कहा जा रहा है कि केंद्र की तरफ से स्टॉक नहीं मिलने की वजह से यूरिया की किल्लत हुई, जो कि सरासर गलत है। यूरिया आदि खाद का गोदामों में स्टॉक किया जा रहा है, लेकिन किसानों को ये उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।