21 साल में 9 मुख्यमंत्री , तीरथ सिंह रावत बने उत्तराखंड के नए सीएम…

एक सप्ताह से चली आ रही राजनैतिक उथल-पुथल को विराम देते हुए उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री का चुनाव कर लिया गया है। गौरतलब है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के अचानक मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद राज्य में यह सस्पेंस गहरा हो गया था कि उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री कौन होगा। बुधवार को भाजपा की बैठक में तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तीरथ सिंह रावत के नाम की घोषणा की।

कौन हैं तीरथ सिंह रावत- तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड से सांसद हैं । वर्तमान में वह गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद बने हैं। तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह अभी भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं। गौरतलब है कि मंगलवार को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ भाजपा विधायकों , पार्टी कार्यकर्ताओं तथा जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा था, जिस वजह से भाजपा को अचानक से त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री बनाना पड़ा।

21 साल में 9 मुख्यमंत्री- आपको यह सुनने में अजीब लग सकता है ,लेकिन अपनी स्थापना के 21 वर्ष भी नहीं पूरे होने के बावजूद उत्तराखंड अभी तक 9 मुख्यमंत्री देख चुका है। उत्तराखंड में अभी तक सिर्फ नारायण दत्त तिवारी ही मुख्यमंत्री के रूप में अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा कर पाए हैं। इनके अलावा बाकी सभी मुख्यमंत्रियों को किसी न किसी कारणवश इस्तीफा देना पड़ा था। त्रिवेंद्र सिंह रावत भी बाकी मुख्यमंत्रियों की तरह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके और उन्हें मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ा।

Leave a Comment