पाकिस्तान यात्रा पर जाना चाहते हैं RJD नेता मनोज झा – केंद्र सरकार ने नहीं दी मंजूरी…

डेस्क : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से राज्यसभा सांसद मनोज झा की पाकिस्तान यात्रा को केंद्र सरकार ने राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। मनोज झा इसी महीने अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते ही लाहौर जाना चाहते थे। वहां उन्हें मानवाधिकार कार्यकर्ता रहे आसमा जहांगीर की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना था। मगर केंद्र सरकार से उन्हें मंजूरी नहीं दी गई। ऐसे में उनकी प्रस्तावित पाक यात्रा रद्द हो गयी है। RJD सांसद ने खुद इसकी पुष्टि की है।

सांसद मनोज झा ने बताया कि उनकी प्रस्तावित पाकिस्तान यात्रा को केंद्र सरकार ने ‘राजनीतिक स्वीकृति’ देने से इनकार कर दिया है। 23 अक्टूबर को लाहौर में आसमां जहांगीर की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें ‘लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा में राजनीतिक दलों की भूमिका’ विषय पर संबोधन के लिए वहां जाना था।

यह यात्रा उन्हें लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ी लड़ाई में भारतीय राजनीतिक दलों की महान परंपरा को रेखांकित करने का अवसर देती। मनोज झा ने कहा कि आसमां जहांगीर पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए लड़ने वाली कार्यकर्ता थीं। साल 2018 में उनका इंतकाल हो गया था।

RJD सांसद मनोज झा का कहना है कि उन्हें पाकिस्तान यात्रा पर जाने के लिए गृह मंत्रालय से विदेशी अनुदान (नियमन) अधिनियम संबंधी मंजूरी मिल गयी, लेकिन विदेश मंत्रालय ने उन्हें राजनीतिक स्वीकृति नहीं दी हैं, इससे उन्हें भारतीय संसद की तरफ से यह बताने का अवसर मिलता कि हम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए सड़कों पर और संसद में कैसे लड़ते हैं। मनोज झा ने कहा कि उन्होंने 20 अक्टूबर को अटारी वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान जाने और 24 अक्टूबर को लौटने की योजना थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *