CM Nitish ने किया बिहार के पहले ‘रिवर फ्रंट’ का उद्घाटन, अब यहां मिलेगा हरिद्वार वाला मजा!

Begusarai : बेगूसराय के उत्तरीदायिनी सिमरिया घाट पर बने रिवर फ्रंट का उद्घाटन किया गया है। रिवर फ्रंट का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के हाथों हुआ है। इस अवसर पर दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। इस खास अवसर पर केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह, पूर्व जल संसाधन मंत्री संजय झा के अलावा अन्य बड़े नेता मौजूद थे।

सिमरिया धाम का किया गया विकास

सिमरिया धाम का हरकी पौड़ी के तर्ज पर निर्माण किया गया है। सिमरिया घाट के विकास के लिए 115 करोड़ रुपए का खर्च आया है। 115 करोड़ रुपए के लागत में यहां पर श्रद्धालुओं के लिए 500 मीटर की सीढ़ी घाट तथा रिवर फ्रंट का निमार्ण किया गया है। इतना ही नहीं गंगा किनारे चेंजिंग रूम, गंगा आरती स्थान, तीन मंजिला धर्मशाला, शौचालय, पार्किंग, पार्क, कल्पवास क्षेत्र समेत कई चीजों का विकास किया गया है।

2022 में नीतीश कुमार ने दिया था निर्देश

आपको बता दें कि साल 2022 में नीतीश कुमार सिमरिया गंगा घाट पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत भी की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सिमरिया गंगा घाट के विकास का निर्देश जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा को दी थी। इसके बाद ही 115 करोड़ रूपए की लागत में सिमरिया घाट का विकास किया गया।