बिहार के 75424 स्कूलों में खुलेंगे विज्ञान और गणित क्लब, जानें – पूरा प्लान..

डेस्क : राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत प्रदेश के 75 हजार 424 स्कूलों में विज्ञान और गणित क्लब खोला जायेगा। इसमें कक्षा 6 से 12वीं तक के स्कूल शामिल होंगे। जिन स्कूलों में क्लब खोला जायेगा, उन्हें 2-2 हजार रुपये भी दिये जाएंगे। इसमें कक्षा 6 से 8वीं तक के 66141 स्कूल और 9वीं से 12वीं तक 9283 स्कूल शामिल हैं। क्लब में शिक्षकों द्वारा छात्र और छात्राओं को गणित और विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार और रचनात्मकता की भावना बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित भी किया जायेगा। इस बाबत बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा कार्यालय को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिया है।

एक जानकारी के अनुसार स्कूल के प्राचार्य द्वारा जिला, प्रखंड स्तर पर बैठक आयोजित कर इसकी पूरी जानकारी भी दी जाएगी। इसमें विज्ञान और गणित के शिक्षक भी शामिल होंगे। क्लब में किस तरह की गतिविधियां करवायी जायेगी, इसका शिड्यूल भी बताया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय आविष्कार अभियान से संबंधित कई सारी गतिविधियां भी करवायी जाएंगी।

विज्ञान संबंधी परियोजनाओं का होगा संचालन

स्कूलों में विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान मेला के अलावा विज्ञान संबंधी परियोजनाओं का संचालन भी किया जायेगा। वैज्ञानिक विषयों पर निबंध, व्याख्यान, वाद-विवाद, सेमिनार, संगोष्ठी के साथ विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञान दिवस, वैज्ञानिकों का जन्म दिवस आदि पर भी आधारित गतिविधियां करवायी जायेगी। वैज्ञानिक रुचि के स्थानों का भ्रमण भी करवाया जायेगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा विज्ञान समाचार प्रदर्शित करना, विज्ञान प्रत्रिका का प्रकाशन और विज्ञान एलबम भी तैयार किया जायेगा।

Leave a Comment