घर से ढाई साल पहले लापता हुई महिला लौटी वापस, पुलिस ने पोस्टमार्टम और घरवालों ने कर दिया था अंतिम संस्कार

डेस्क : बिहार के कैमूर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के ढाई साल बाद मृत घोषित कर दी गई महिला को जिंदा खोज निकाला है। हैरान करने वाली यह घटना कुदरा थाना क्षेत्र के देवराढ़ कला गाँव का है। मृत घोषित कर दी गई महिला के इस तरह से वापस आ जाने से महिला के परिजन और इलाके के लोग दोनों हैरान हैं।

क्या है मामला- दरअसल 2018 में अपने पति से विवाद होने पे खुशबू देवी नाम की महिला अपने मायके चली आई थी। मायके आने के कुछ दिन बाद वो लापता हो गई। विवाहिता के लापता होने के कुछ दिन बाद उसी इलाके के नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ। जो शव बरामद हुआ था उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था । लेकिन खुशबू देवी के परिजनों ने मृत महिला के शरीर के चप्पल तथा कपड़ो से उसकी पहचान खुशबू देवी के रूप में की थी। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पे हत्या का मुकदमा भी दर्ज कराया था।

पुलिस ने महिला को खोज निकाला- महिला के परिजनों द्वारा बरामद शव की पहचान खुशबू देवी के रूप में किए जाने के बावजूद भी पुलिस ने अपनी जांच जारी रखी। पुलिस जाँच में बार बार पता चल रहा था की खुशबू जिंदा है। बाद में वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पे पुलिस ने महिला को यूपी के सोनभद्र जिले से खोज निकाला।

अपने प्रेमी के साथ रह रही थी महिला- पुलिस द्वारा खोज निकाले जाने के बाद यह बात सामने आई है कि विवाहित महिला अपने किसी अन्य प्रेमी के साथ यूपी के सोनभद्र में रह रही थी। यह युवक रिश्ते में महिला का जीजा लगता है। पुलिस पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि दोनों ने भागकर शादी कर ली है और दोनों का एक बच्चा भी है। हालांकि महिला के दो बच्चे पहले से भी हैं जो उसी के साथ रहते हैं। महिला ने बयान दिया है कि वो अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है।

Leave a Comment